हजारीबाग जिले के बड़कागांव से विकास की एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां हहारो नदी किनारे गार्डवाल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना से क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बड़कागांव प्रखंड के चर्चित शिवाडीह कुशवाहा खेल मैदान के समीप हहारो नदी किनारे लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गार्डवाल का शिलान्यास सांसद मनीष जायसवाल और स्थानीय विधायक रोशन लाल चौधरी ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर किया। इस परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को खेल-कूद की ओर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि इससे शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि बड़कागांव के युवा अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

 

वहीं विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि यहां के युवा मेहनती और प्रतिभाशाली हैं, जिन्हें सही दिशा और अवसर मिलने पर वे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर शिवाडीह होरममोड़ सड़क निर्माण को प्रशासनिक स्तर पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। साथ ही कुशवाहा खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की।

 

इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति देखी गई। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, जिला प्रतिनिधि अजय साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल मिश्रा, मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, जिप सदस्य सुनीता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

 

संवाददाता: सुनील कुमार ठाकुर, बड़कागांव

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *