बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला गड़हनी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अज्ञात अपराधियों ने पूर्व मुखिया के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बनकट गांव स्थित नहर किनारे शनिवार को यह वारदात हुई। मृतक रितेश सिंह उर्फ भुअर सिंह (45 वर्ष) अपनी पत्नी को स्कूल छोड़कर तीन पहिया स्कूटर से घर लौट रहे थे। तभी स्कूल से लगभग 200 मीटर पहले तीन बाइक पर सवार करीब 9 अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जाता है कि अपराधियों ने बेहद करीब से पांच गोलियां मारीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह और गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया है। मृतक लहरपा गांव वार्ड नंबर-1 का निवासी था। उसके पिता रमेश सिंह और मां प्रेमा देवी अगिआंव पंचायत की पूर्व मुखिया रह चुकी हैं।
प्राथमिक जांच में इस हत्या के पीछे पुराने विवाद की आशंका जताई जा रही है। पिछले वर्ष लहरपा गांव में हुए ट्रिपल मर्डर के प्रतिशोध में इस घटना को अंजाम दिए जाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एएसपी राजकुमार साह के अनुसार, 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और दो संदिग्धों के खिलाफ बयान लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इधर घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने बनकट गांव के पास शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस के समझाने पर जाम हटाया गया।
