भागलपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुआल से लदे एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह खेप झारखंड से मुंगेर ले जाई जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने बायपास क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

 

चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुआल के अंदर छिपाकर रखी गई 335 पेटियों में लगभग 16,080 प्लास्टिक बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। ट्रक उत्तर प्रदेश नंबर का है, जिसे भी जब्त कर लिया गया है।

 

उत्पाद निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि विभाग को पहले से सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम गठित कर बायपास क्षेत्र में सघन जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि वह शराब की खेप को झारखंड से मुंगेर पहुंचाने वाला था। ट्रक मालिक ने उसे जगदीशपुर के रास्ते जीरोमाइल की ओर जाने का निर्देश दिया था, ताकि शक से बचा जा सके। हालांकि, उत्पाद विभाग की सतर्कता के कारण तस्करी की यह कोशिश नाकाम हो गई।

 

छापेमारी दल में उत्पाद निरीक्षक मनोज कुमार, एसआई गौतम कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे। विभाग अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुट गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *