मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने से पहले राज्य में विकास कार्यों को नई गति देने में जुटे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मंगलवार को पटना जिले में चल रही महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सबसे पहले जेपी गंगा पथ के अंतर्गत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक निर्माणाधीन संपर्क पथ का जायजा लेने पहुंचे। करीब 1.5 किलोमीटर लंबे इस संपर्क पथ के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
यह संपर्क पथ अशोक राजपथ और मरूफगंज मंडी क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 52 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके निर्माण से पटना सिटी क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भद्रघाट-दीदारगंज पथ (पुराने गंगा पथ) के 4 लेन चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का यह कार्य पूरा होने के बाद छठ महापर्व, अन्य धार्मिक अनुष्ठानों और सामाजिक आयोजनों के दौरान गंगा घाटों तक पहुंचने में आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही पटना सिटी क्षेत्र में यातायात का दबाव भी कम होगा और लोगों की आवाजाही अधिक सुगम बनेगी।
इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजनाओं की प्रगति और आगे की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर काम पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
