भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े गोलीबारी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पीरो स्थित निबंधन कार्यालय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में चार लोगों को गोली लगने की खबर है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, पीरो थाना क्षेत्र के बलुआ टोला निवासी जीतू यादव जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से चल रहे महज तीन कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर बचरी गांव निवासी सूरज राज अपने चार हथियारबंद साथियों के साथ वहां पहुंच गया। देखते ही देखते आरोपियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

 

इस फायरिंग की घटना में जीतू यादव, सतेंद्र यादव, रितेश दुबे और कच्चे कुमार को गोली लग गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए आरा के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

 

बताया जा रहा है कि इस पूरी वारदात की जड़ एक छोटे से जमीन विवाद में है, जिसने इतना बड़ा खूनी रूप ले लिया। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि निबंधन कार्यालय जैसे संवेदनशील स्थान पर, जहां आमतौर पर पुलिस की तैनाती रहती है, वहां अपराधी इतने आराम से वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए।

 

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना से सहमे हुए हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है, हालांकि इस संबंध में अधिकारियों ने अभी कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *