झारखंड के बोकारो जिले में हुई एक फिल्मी अंदाज की लूट की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर अपनी मुस्तैदी का परिचय दिया है। यह घटना चास के कुंअर सिंह कॉलोनी निवासी सोनू कुमार के साथ घटी, जो एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह इलाके से लोन वसूली कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ बैरक के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर उनका पर्स, मोबाइल फोन, 2000 रुपये नकद और मोटरसाइकिल लूट ली।
घटना यहीं खत्म नहीं हुई। अपराधियों ने पीड़ित को धमकाकर उसका फोन-पे पासवर्ड भी हासिल कर लिया और कुछ ही देर में उसके खाते से 5300 रुपये भी निकाल लिए। इस पूरी घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की। पुलिस की सटीक रणनीति के आगे अपराधी ज्यादा देर तक बच नहीं सके और महज 12 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता ने बालीडीह थाने में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त भैरव यादव पहले से आठ मामलों में आरोपी रह चुका है, जबकि प्रियांशु चौधरी के खिलाफ बालीडीह थाना में दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का सामान बरामद करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल पीड़ित को राहत मिली है, बल्कि आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ है।
रिपोर्ट – चंदन सिंह बोकारो
