भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला रेलवे स्टेशन के समीप स्थित पूजा ज्वेलर्स दुकान का है, जहां बेखौफ चोरों ने देर रात दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

 

जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 25 से 30 हजार रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

 

चोरी की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ दुकान के बाहर जुट गई। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और भय का माहौल देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

दुकानदार जितेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब उन्हें चोरी की सूचना मिली और वे दुकान पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। उन्होंने बताया कि दुकान में रखे करीब 20 से 30 हजार रुपये के जेवरात चोरी हो चुके हैं।

 

बताया जा रहा है कि चोरों ने पास के एक किराना दुकान में भी ताला तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर इलाके में एक से अधिक दुकानों को निशाना बनाने की फिराक में थे।

 

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और गुप्त सूचना के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

 

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *