भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी सर्दों गांव में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पैसे के बंटवारे को लेकर हुए इस विवाद में मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान नितेश कुमार ठाकुर और उनकी मां शोभा देवी के रूप में हुई है। दोनों स्वर्गीय राम भरोसे ठाकुर के परिजन हैं।

 

घायल परिजनों के अनुसार, शोभा देवी अपने स्वर्गीय पति के स्थान पर सरकारी नौकरी कर रही थीं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें सरकार की ओर से मिली राशि को उन्होंने अपने दोनों बेटों के बीच बराबर-बराबर बांटने के उद्देश्य से सुरक्षित रख लिया था। आरोप है कि इसी पैसे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

 

शोभा देवी ने आरोप लगाया है कि उनके बड़े बेटे लक्ष्मीकांत ठाकुर ने पैसे हड़पने की नीयत से उन्हें नशीली दवा खिलाई और एक ब्लैंक चेक पर जबरन हस्ताक्षर करा लिया। इसके बाद से लक्ष्मीकांत ठाकुर और उसके परिवार द्वारा उन्हें और छोटे बेटे नितेश कुमार ठाकुर को लगातार धमकाया और प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़ितों का कहना है कि इस पूरे मामले की सूचना उन्होंने पहले भी सबौर थाना को दी थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

 

आरोप है कि आज सुबह करीब छह बजे लक्ष्मीकांत ठाकुर अपनी पत्नी खुशबू देवी के साथ घर में घुस आया और लोहे की रॉड तथा झाड़ू से मां-बेटे पर हमला कर दिया। इस हमले में नितेश कुमार ठाकुर के सिर पर लोहे की रॉड लगने से गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया। वहीं शोभा देवी को भी शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

 

घटना के बाद घायल अवस्था में मां-बेटा स्वयं सबौर थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। प्राथमिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सबौर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज मायागंज अस्पताल में जारी है।

 

इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पूर्व में दी गई शिकायत पर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती, तो इस गंभीर घटना को टाला जा सकता था। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पीड़ितों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *