बिहार के गया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी का जूनियर इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था। प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर उसकी संदिग्ध गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान खींचा और आखिरकार वह आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ लिया गया।
दरअसल, गया स्टेशन पर इन दिनों सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरपीएफ और रेल थाना की टीम की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसकी हरकतें असामान्य थीं। टीम ने बिना देर किए उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान युवक ने खुद को आईबी का जूनियर इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर बताया, जिससे अधिकारियों का शक और गहरा गया।
जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक आईडी कार्ड बरामद हुआ, जिस पर इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी होने का दावा किया गया था। लेकिन जांच में यह कार्ड पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बाद साफ हो गया कि युवक फर्जी पहचान बनाकर स्टेशन पर लोगों को धौंस दिखा रहा था और उन्हें भ्रमित करने की कोशिश कर रहा था।
आरपीएफ निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि संयुक्त जांच अभियान के दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ और जांच के बाद उसकी सच्चाई सामने आई और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रेल थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ कांड संख्या 102/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी का मकसद क्या था और वह कब से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था।
रेल प्रशासन ने साफ किया है कि स्टेशन परिसर में किसी भी तरह की फर्जीवाड़ा या संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
