उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को आईएएस अधिकारी बताकर एक युवक लंबे समय से पूरे मोहल्ले में रौब झाड़ रहा था। युवक का नाम राहुल कौशिक बताया जा रहा है, जिसने अपने घर के बाहर आईएएस अधिकारी की फर्जी नेम प्लेट लगा रखी थी। इसी नेम प्लेट के सहारे वह इलाके में अपना दबदबा बनाए हुए था।

 

मोहल्ले के लोगों के अनुसार राहुल अक्सर शराब के नशे में धुत होकर लोगों को गालियां देता था और अपने आपको बड़ा अधिकारी बताकर धमकाता था। घर के बाहर लगी आईएएस की नेम प्लेट देखकर लोग उससे उलझने से भी कतराते थे। इसी वजह से काफी समय तक उसकी सच्चाई सामने नहीं आ पाई।

 

लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब उसी मोहल्ले में एक पुलिस दरोगा किराए पर रहने आ गए। एक दिन किसी बात को लेकर राहुल कौशिक की दरोगा से भी कहासुनी हो गई। दरोगा को उसके व्यवहार और हाव-भाव पर शक हुआ कि कहीं यह व्यक्ति फर्जी तो नहीं है।

 

शक के आधार पर दरोगा उसे थाने ले आए और सख्ती से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पुलिस की पूछताछ और कुछ लाठियों की गर्मी के बाद राहुल कौशिक की सारी हकीकत सामने आ गई। उसने कबूल किया कि वह कोई आईएएस अधिकारी नहीं है।

 

राहुल ने पुलिस को बताया कि वह पहले दिल्ली में एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के घर पर काम करता था, जहां उसका काम उनके कुत्ते को नहलाने और घर के छोटे-मोटे काम करने का था। वहीं से उसे आईएएस अधिकारियों की जिंदगी और रौब का अंदाजा हुआ। इसके बाद उसने मेरठ आकर अपने घर के बाहर आईएएस की फर्जी नेम प्लेट लगा ली ताकि मोहल्ले में उसका रौब कायम रहे।

 

फिलहाल मेरठ पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं राहुल कौशिक ने आईएएस अधिकारी बनकर किसी और तरह की ठगी या फर्जीवाड़ा तो नहीं किया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *