बिहार के सहरसा में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए DRDA डायरेक्टर वैभव कुमार के विभिन्न ठिकानों पर मंगलवार सुबह एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में की गई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ईओयू की करीब 10 सदस्यीय टीम ने सहरसा सदर थाना क्षेत्र के सराही स्थित आवास-सह-कार्यालय समेत कुल छह ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। वैभव कुमार पर करीब 2 करोड़ 41 लाख 14 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। उनके खिलाफ 78 प्रतिशत आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी के दौरान टीम को डेढ़ दर्जन से अधिक जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज (करीब 18 से 20 कागजात) बरामद हुए हैं। इसके अलावा आधा दर्जन बैंक खातों का भी खुलासा हुआ है, जिनकी जांच की जा रही है। तलाशी में लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, लगभग 5 लाख रुपये की ज्वेलरी भी जब्त की गई है। हालांकि सहरसा स्थित ठिकानों से नकद राशि बरामद नहीं होने की जानकारी दी गई है।
जांच के दौरान अधिकारी की पत्नी के नाम पर भी कुछ जमीन के दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है, जिससे मामले की जांच का दायरा और बढ़ गया है। समानांतर रूप से मुजफ्फरपुर सहित अन्य जिलों में भी संबंधित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
ईओयू के डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि बरामद दस्तावेजों और बैंक खातों के आधार पर संपत्ति का आकलन किया जा रहा है तथा जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद संपत्ति का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा।
आर्थिक अपराध इकाई की इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
बाइट– EOU DYSP सुनील कुमार
