बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार सुबह राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में दो सरकारी अधिकारियों से जुड़े कुल 12 ठिकानों पर एकसाथ रेड की जा रही है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, सहरसा के सदर थाना क्षेत्र के सराही स्थित आवास समेत DRDA (सहरसा) के अधिकारी वैभव कुमार से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर EOU की टीम सुबह से ही जांच में जुटी है। वैभव कुमार पर करीब 2 करोड़ 41 लाख 14 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। उनके सहरसा और मुजफ्फरपुर स्थित परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, किशनगंज में तैनात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) गौतम कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। गौतम कुमार पर लगभग 1 करोड़ 9 लाख 49 हजार 244 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। EOU की टीम उनके पटना, पूर्णिया और किशनगंज स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध इकाई की टीम सहरसा, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया और किशनगंज समेत कुल छह जिलों में समन्वित तरीके से कार्रवाई कर रही है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ निगरानी शाखा द्वारा पहले ही मामला दर्ज किया गया था और अदालत से तलाशी वारंट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान टीम द्वारा दस्तावेजों, जमीन-जायदाद से जुड़े कागजात, बैंक डिटेल्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जब्त संपत्तियों और आय के स्रोतों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया जाएगा।
इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से साफ संकेत मिल रहा है कि अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों पर सरकार सख्त नजर रखे हुए है।
