बिहार के नवादा जिले में एक बार फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला है। करीब 30 से 40 हाथियों का बड़ा झुंड जंगल से निकलकर गांवों में घुस आया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई एकड़ में लगी गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की देर रात कौआकोल और रजौली क्षेत्र के जंगलों से सटे गांवों में अचानक हाथियों का झुंड पहुंच गया। जैसे ही गांववालों को इसकी भनक लगी, लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर एक-दूसरे को सतर्क किया और गांव में घूम-घूमकर लोगों को घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी।
हाथियों के झुंड ने कौआकोल क्षेत्र के दरावां, भुआलटांड, वरौन, महापुर और बाजितपुर गांव में जमकर उत्पात मचाया। किसानों की मेहनत पर पानी फेरते हुए हाथियों ने कई एकड़ में लगी गेहूं की तैयार फसल को रौंद डाला। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
वहीं, रजौली क्षेत्र के सुउरलेटी गांव में हाथियों ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान सनोज भूइयां के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और कर्मियों ने ड्रोन की मदद से हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखी और कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह तक झुंड को गांवों से बाहर निकालने का प्रयास किया।
फिलहाल, इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
