भागलपुर, 25 फरवरी 2026 — जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में पैक्स निर्वाचन 2026 को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों में होने वाले पैक्स एवं बुनकर समिति चुनाव की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन 6 एवं 7 मार्च 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगा। नामांकन पत्रों की समीक्षा 9 एवं 10 मार्च को होगी। 11 मार्च को अभ्यर्थिता वापसी एवं प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान 18 मार्च को सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक संपन्न होगा तथा उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी।

 

प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार कहलगांव में सर्वाधिक 12 समितियों के लिए 24 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,992 मतदाता मतदान करेंगे। सनहौला में 8 समितियों के लिए 23 मतदान केंद्र और 12,873 मतदाता हैं। पीरपैंती में 6 समितियों के लिए 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं सुल्तानगंज में 7 समितियों के लिए 17 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

 

नाथनगर, नवगछिया, रंगरा चौक, गोपालपुर, इस्माइलपुर, खरिक, नारायणपुर, गोराडीह, सबौर, जगदीशपुर और शाहकुंड सहित सभी प्रखंडों में मतदान केंद्रों और मतगणना टेबल की व्यवस्था तय कर दी गई है। कुल मिलाकर 64 पैक्स समितियों तथा दो बुनकर समितियों—मिलाप बुनकर सहयोग समिति, नाथनगर और राजा सिल्क प्राथमिक बुनकर सहयोग समिति लिमिटेड, जगदीशपुर—का निर्वाचन कराया जाएगा।

 

बैठक में जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था नियंत्रण, आवश्यक कर्मियों की तैनाती तथा मतगणना की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

 

डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी प्रखंड प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *