समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत हलई थाना क्षेत्र के जोरपुरा पंचायत में एक बुजुर्ग की संदेहास्पद स्थिति में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पटोरी-समस्तीपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की गिरफ्तारी व हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
मृतक की पहचान कारी साहनी के 70 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र साहनी के रूप में की गई है। घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब जोरपुरा चौर के समीप उनका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर पटोरी-समस्तीपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। कई घंटों तक चले इस जाम के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोग त्राहिमाम करते नजर आए।
आक्रोशित लोगों का आरोप है कि यह हत्या का मामला है और पुलिस शुरू में मूकदर्शक बनी रही। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि मृतक पहले से टीबी सहित कई बीमारियों से ग्रसित था, लेकिन उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है।
सूचना मिलते ही हलई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार मृतक का पड़ोसी के साथ पुराना विवाद भी चल रहा था और कुछ दिन पहले घर बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
