भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत शाहाबाद गांव स्थित मुंशी पट्टी शिव मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन का शुभारंभ विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपसभापति नीलम देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
इस अवसर पर वृंदावन से पधारी कथा वाचिका खुशी किशौरी ने श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण केवल एक अवतार नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाले मार्गदर्शक हैं। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के बाल लीलाओं, गीता के उपदेशों और धर्म स्थापना के संकल्प को भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उपस्थित लोगों ने श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखी गई। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और चारों ओर भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दे रही थी।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विपिन मंडल, वार्ड पार्षद रिंकू देवी, पूर्व वार्ड पार्षद संध्या देवी, वार्ड पार्षद कृष्ण कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि गुरुदेव ऋषि, विधान पार्षद प्रतिनिधि सन्नी कुमार सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने कथा का रसपान किया और आयोजन समिति की सराहना की।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नौ दिवसीय भागवत कथा के माध्यम से क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है। आगामी दिनों में भी कथा का आयोजन विधिवत रूप से जारी रहेगा, जिसमें अधिक से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
