भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार दौरे पर आए नितिन नबीन ने मंगलवार को बिहार विधानसभा सत्र में हिस्सा लेने के बाद अपने पुराने विधानसभा क्षेत्र बांकीपुर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने मंदिरी नाला के ऊपर बन रही सिक्स लेन सड़क और बाकरगंज नाला के ऊपर बन रही सड़क परियोजना का स्थल निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के समय बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी उनके साथ मौजूद रहे।


अधिकारियों से ली निर्माण कार्य की जानकारी


निरीक्षण के क्रम में नितिन नबीन ने नगर विकास विभाग और निर्माण एजेंसी बुडको के अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। बुडको के प्रबंध निदेशक और पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पाराशर ने उन्हें बताया कि मंदिरी नाला के ऊपर बन रही सड़क में काली मंदिर के पास लगभग 40 मीटर स्लैब ढलाई का कार्य शेष है, जिसे फरवरी के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही सड़क पर स्ट्रीट लाइट के पोल लगाने और विद्युत कनेक्शन का कार्य भी तेज गति से किया जा रहा है।


अंतिम चरण में पहुंचा सड़क निर्माण कार्य


अधिकारियों ने परियोजना का पूरा नक्शा दिखाते हुए बताया कि सड़क निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है और तय समयसीमा के भीतर इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नितिन नबीन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और ट्रैफिक मैनेजमेंट के पहलुओं की भी समीक्षा की। उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को नक्शे के माध्यम से समझाया कि यह सड़क किस प्रकार शहर के ट्रैफिक को चैनलाइज करेगी और जाम की समस्या को कम करने में मददगार साबित होगी।


जाम से मिलेगी बड़ी राहत


मीडिया से बातचीत में नितिन नबीन ने कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने मंदिरी नाला के ऊपर सड़क निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए थे। यह उनका सपना था कि बांकीपुर क्षेत्र को जाम की समस्या से राहत मिले। उन्होंने कहा, “पथ निर्माण मंत्री और नगर विकास मंत्री रहते हुए मैंने इस परियोजना को आगे बढ़ाने का काम किया। अब यह लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को लेकर एनडीए सरकार ने चुनाव से पहले जो वादे किए थे, उन्हें पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जा रहा है।”


उन्होंने बताया कि मंदिरी नाला के ऊपर सड़क बनने से इनकम टैक्स चौराहा से अशोक राजपथ जाने के लिए लोगों को अब गांधी मैदान की ओर घूमकर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।


अन्य नाला परियोजनाओं की भी हो रही निगरानी


नितिन नबीन ने कहा कि वर्तमान में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा नगर विकास विभाग का भी दायित्व संभाल रहे हैं और वे पटना के विभिन्न नालों पर बन रही सड़कों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। इनमें सैदपुर नाला और आनंदपुरी नाला की परियोजनाएं भी शामिल हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति को संतोषजनक बताया और कहा कि जल्द ही जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।


मंदिर में पूजा-अर्चना भी की


निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन ने स्थानीय मंदिर में भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे नितिन नबीन के लिए यह निरीक्षण विशेष रहा, क्योंकि यह परियोजना उनके लंबे प्रयासों का परिणाम है। विधायक रहते हुए उन्होंने इस नाले पर सड़क निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए और मंत्री बनने के बाद कार्य को गति दिलाई। अब जब यह परियोजना अपने अंतिम चरण में है, तो क्षेत्र के लोगों में भी इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *