सहरसा सदर अस्पताल के प्रसव एवं शिशु वार्ड के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नशे में धुत व्यक्ति ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

 

सदर अस्पताल के सिक्योरिटी सुपरवाइजर संजीव कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि प्रसव एवं शिशु वार्ड के पास एक व्यक्ति उत्पात मचा रहा है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति जोर-जोर से बोलते हुए हंगामा कर रहा था। उन्होंने बताया कि पहली नजर में ही वह शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसने महावीर चौक पर 300 रुपये में शराब पी है और सुरक्षा कर्मियों को भी शराब पीने के लिए पैसे देने की कोशिश करने लगा।

 

स्थिति को बिगड़ता देख सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची। सदर थाना के पीएसआई सनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने ले जाया जा रहा है। थाने में उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, ताकि यह पुष्टि हो सके कि उसने शराब का सेवन किया है या नहीं।

 

पीएसआई ने यह भी कहा कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि शराब कहां से खरीदी गई और किसने बेची। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल व्यक्ति की पहचान और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

 

अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली है कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *