गोपालपुर। क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। यह दुर्घटना कालिंदी नगर जाने वाली सड़क पर डुमरिया पुलिया के पास हुई, जहां ट्रैक्टर के पलटने से चालक उसके नीचे दब गया। मृतक की पहचान रंगरा निवासी सुरेंद्र मंडल के 30 वर्षीय पुत्र जितेंद्र मंडल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि जितेंद्र मंडल ट्रैक्टर लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान डुमरिया पुल के समीप अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया और बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत बाहर निकाला और इलाज के लिए रंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद खबर के मिलते ही मृतक की पत्नी कंचन देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे परिवार में मातम का माहौल छा गया।
घटना की सूचना मिलने पर गोपालपुर और रंगरा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की स्थिति सुधारने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
