नवगछिया। दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने इस संबंध में नवगछिया महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के हरिओ निवासी कोकाय सिंह की पुत्री अर्चना कुमारी के रूप में हुई है। अर्चना कुमारी ने अपने आवेदन में बताया है कि वर्ष 2021 में उसकी शादी श्रीपुर निवासी सुमित कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के समय उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार लगभग ढाई लाख रुपये नगद, फर्नीचर तथा अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया था।


शादी के बाद अर्चना अपने ससुराल में रहने लगी, जहां कुछ समय बाद उसे एक पुत्र की प्राप्ति हुई। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही उसके पति सुमित कुमार, सास गीता देवी, ससुर नरेश सिंह तथा भैंसुर अमित कुमार द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में 50 हजार रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की जाने लगी।


अर्चना कुमारी ने यह भी आरोप लगाया है कि 13 फरवरी को उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। विरोध करने पर उसे और उसके पुत्र को हथियार का भय दिखाकर घर से निकालने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। भयभीत पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए महिला थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
महिला थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *