भागलपुर, बिहार – लोदीपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर जीछो गांव से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 22 वर्षीय रमा कुमारी, जिसे एक साल पहले धूमधाम से विदा किया गया था, अब अपने ही ससुराल में दहेज की बलि चढ़ गई। रमा को उसके ससुराल वालों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रमा की शादी 2023 में प्रकाश यादव के पुत्र जय हिंद यादव से हुई थी। शादी के वक्त पिता विष्णु यादव और भाई गृह कंचन कुमार ने 2 लाख रुपये दहेज में दिए थे। लेकिन कुछ ही महीनों में ससुराल वालों की मांगें बढ़ती गईं। रमा ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद जय हिंद यादव और उसके परिवार ने ₹5 लाख और एक मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। बेटी का जन्म रमा के लिए जैसे अभिशाप बन गया।
रोज़ की ताना-उलाहने, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के बीच रमा जीने की कोशिश करती रही। लेकिन अंततः जब उसने विरोध किया, तो पूरे परिवार ने मिलकर उसकी आवाज को हमेशा के लिए खामोश कर दिया। रमा के भाई कंचन कुमार ने बताया कि घटना के समय उसकी बहन ने खुद उसे फोन कर बताया था, “भैया, ये लोग मुझे मार रहे हैं, मैं नहीं बचूंगी।” और कुछ ही समय बाद यह खबर आई कि रमा की तबीयत बिगड़ गई है।
परिजन जब ससुराल पहुंचे, तो रमा आंगन में मृत पड़ी थी। उसे तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर लिया है।
रमा के भाई ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि सभी आरोपियों को फांसी दी जाए, तभी उनकी बहन की आत्मा को शांति मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि छह महीने की भांजी को भी वह अब नहीं रखेंगे, क्योंकि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं है।
इस दिल को झकझोर देने वाली घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा के क्रूर चेहरे को उजागर कर दिया है, जहां एक औरत की जिंदगी केवल पैसों की भूख के आगे दम तोड़ देती है।
