जामताड़ा से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां जिला प्रशासन की पहल और डीएमएफटी योजना के माध्यम से जिले के 15 युवाओं ने अपने सपनों को नई उड़ान दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के मार्गदर्शन में इन युवाओं ने फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट, देवघर से एक वर्षीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया और अब देश के विभिन्न शहरों के प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटलों में इंटर्नशिप के लिए चयनित हुए हैं।

 

सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान चयनित युवाओं ने उपायुक्त रवि आनंद से मुलाकात कर उनका आभार जताया। इस दौरान युवाओं ने अपने प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए और अपने हाथों से तैयार विशेष व्यंजन एवं केक भेंट किए। उपायुक्त ने भी बच्चों के साथ मिलकर केक काटा और उनकी मेहनत की सराहना की।

 

उपायुक्त रवि आनंद ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय मेहनत और अनुशासन का है। उन्होंने युवाओं को मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जिले के 15 युवाओं का फाइव स्टार होटलों में चयन जामताड़ा के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।

 

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी चयनित युवाओं को बैकपैक भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि डीएमएफटी फंड के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित युवाओं को प्रशिक्षण के लिए देवघर भेजा गया था, जहां उन्होंने एक वर्ष का कोर्स पूरा किया। अब ये युवा अगले 6 महीनों तक देश के नामी होटलों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

 

कार्यक्रम में पूजा कर्मकार, संजय सिंह, मृगेंद्र सिंह और त्रिशा दास सहित कई युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

यह पहल न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हो रही है, जिससे जामताड़ा का नाम देशभर में रोशन हो रहा है।

 

संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *