सहरसा। जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 327E के अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने योजना के क्रियान्वयन की स्थिति की बारीकी से जानकारी ली और कार्य में आ रही बाधाओं पर गंभीरता से चर्चा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन क्रम में परिलक्षित सभी अवरोधों का अविलंब निदान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य को पूर्ण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क परियोजना क्षेत्र के विकास एवं आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में अपर समाहर्ता (वि० जांच) श्री गणेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अभिनव भास्कर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भूमि अधिग्रहण एवं निर्माण से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए।
