भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने पटना में समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी से शिष्टाचार मुलाकात कर समाज कल्याण विभाग से संबंधित क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने खास तौर पर उन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी भवन निर्माण की मांग की, जो अब तक भवनहीन हैं और अस्थायी व्यवस्था में संचालित हो रहे हैं।


श्री मंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि जिले के कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवन, सामुदायिक भवन या अस्थायी ढांचे में चल रहे हैं। इससे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को मिलने वाली सेवाओं के सुचारु संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि भवन के अभाव में पोषण, टीकाकरण, प्री-स्कूल शिक्षा तथा अन्य योजनाओं का समुचित लाभ लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रहा है।


जिला परिषद अध्यक्ष ने सभी लंबित आंगनबाड़ी भवनों की शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने, नए केंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया तेज करने तथा पेयजल, शौचालय, बिजली और खेल सामग्री जैसी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब आधारभूत संरचना मजबूत हो।


समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने श्री मंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी।


इस मुलाकात से जिले में आंगनबाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *