भागलपुर के मायागंज वार्ड नंबर 27 में सड़क निर्माण कार्य के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सड़क की चौड़ाई को लेकर स्थानीय लोगों और नगर निगम की टीम के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, जिस सड़क का निर्माण किया जा रहा है उसकी निर्धारित चौड़ाई 15 फीट है। निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने निजी जमीन पर मकान बनाया है और उन पर लगाया जा रहा अतिक्रमण का आरोप पूरी तरह गलत है। लोगों का कहना था कि बिना स्पष्ट मापी के कार्रवाई की जा रही है, जिससे उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।
इसी बीच नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता मौके पर पहुंच गया और सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई और कुछ समय के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। लोगों ने विरोध जताते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम के नगर प्रबंधक असगर अली मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर ही जमीन की नापी कराने का निर्देश दिया, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। अधिकारियों द्वारा की गई नापी के बाद यह साफ हो गया कि सड़क की चौड़ाई और सीमांकन को लेकर क्या वास्तविक स्थिति है।
नापी के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर स्थानीय लोगों का आक्रोश शांत हुआ और वे संतुष्ट नजर आए। इसके बाद विवाद पूरी तरह खत्म हो गया और निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया।
नगर निगम अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि विकास कार्यों में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन से संवाद स्थापित करें। वहीं प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी कार्य नियमों के तहत ही किए जाएंगे।
