राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत खासपुर पंचायत के छितनावा गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप धारण कर लिया।
जानकारी के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और गोलीबारी शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक गांव रणक्षेत्र में तब्दील रहा। इस दौरान महिला और पुरुष समेत दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई लोगों के सिर फूट गए, जबकि अन्य को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि हैरान करने वाली बात यह रही कि उपद्रवी पुलिस की मौजूदगी में भी पथराव और फायरिंग करते रहे। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
पुलिस ने मौके से दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही 2 देसी कट्टा, करीब 5 खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
