कोशी रेंज डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने बुधवार को सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ शरथ आर एस सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में डीआईजी सबसे पहले वीरपुर पहुंचे, जहां स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ सीमा क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने सीमा पर निगरानी, गश्ती व्यवस्था और संवेदनशील बिंदुओं की जानकारी ली।

इसके बाद वे भीमनगर स्थित एसएसबी चेक पोस्ट पहुंचे। यहां तैनात जवानों से एक्स-रे (स्कैनर) मशीन की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान, निगरानी प्रणाली तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में विस्तार से पूछताछ की।

डीआईजी ने भीमनगर कस्टम कार्यालय का भी निरीक्षण किया। कस्टम अधिकारियों से सीमा पार लोगों और सामान के आवागमन की प्रक्रिया जानी तथा उत्पाद विभाग के रजिस्टरों की जांच की। साथ ही सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का अवलोकन करते हुए सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भीमनगर थाना का भी जायजा लिया गया, जहां थाना परिसर की बाउंड्री वॉल और पुलिसकर्मियों के आवासीय प्रबंध में कुछ कमियां पाई गईं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार कराने का निर्देश दिया, ताकि पुलिस बल को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।

मीडिया से बातचीत में डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया जा रहा है। निरीक्षण का उद्देश्य सीमा सुरक्षा को और प्रभावी बनाना तथा संभावित कमजोर कड़ियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

मौके पर एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार, वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल, भीमनगर थाना प्रभारी पंकज कुमार सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के सभी थाना अध्यक्ष उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *