सहरसा जिले के काशनगर थाना क्षेत्र में डायल-112 ईआरवी टीम पर हमले का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद सहरसा पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए 31 नामजद समेत करीब 100 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 21 मार्च 2026 को काशनगर थाना क्षेत्र में डायल-112 टीम को मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने लगी। घटनास्थल पर भारी संख्या में भीड़ जमा थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने ईआरवी कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए सरकारी वाहन पर पथराव और बांस से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल काशनगर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवी तत्वों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। इसके बाद थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में आसपास के थानों से भी बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

 

पुलिस ने संयम और रणनीति के साथ कार्रवाई करते हुए हालात पर काबू पा लिया। इस मामले में काशनगर थाना कांड संख्या 25/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल उपद्रवी और असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *