धनबाद जिले में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्ती और बढ़ा दी है। खासकर फैंसी नंबर प्लेट और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब बाइक पर पीछे बैठने वाले सवार के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

इसी कड़ी में गुरुवार को रणधीर वर्मा चौक पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहन चालकों का चालान काटा गया। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह कर रहे थे। जांच के दौरान फैंसी और स्टाइलिश नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष कार्रवाई की गई।

ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत केवल हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) ही वैध है। किसी भी प्रकार की डिजाइन, स्टिकर या जातिसूचक नंबर प्लेट कानूनन अपराध है। अभियान के दौरान एक कार से फैंसी नंबर प्लेट हटवाकर नियम के अनुसार वैध प्लेट लगवाई गई।

डीएसपी ने बताया कि जिले में हेलमेट पहनने को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है और करीब 99 प्रतिशत बाइक चालक हेलमेट का उपयोग कर रहे हैं। बावजूद इसके जो लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया है। सड़क हादसों में अक्सर पीछे बैठा व्यक्ति ज्यादा गंभीर रूप से घायल होता है, इसलिए दोनों सवारों की सुरक्षा जरूरी है।

इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी अभियान तेज कर दिया गया है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए शराब दुकानों और संभावित स्थानों के आसपास सघन जांच की जा रही है।

ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, फैंसी नंबर प्लेट से बचें और अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *