धनबाद के बाबूडीह स्थित नगर निगम भवन में आज नगर निगम बोर्ड की दूसरी बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई, जिसमें खासतौर पर जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था को लेकर ठोस निर्णय लिए गए।

 

बैठक के दौरान वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तार से रखा। सबसे प्रमुख मुद्दा सफाई व्यवस्था का रहा, जिस पर चर्चा करते हुए वार्डों में सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। निर्णय के तहत अब हर वार्ड में सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाकर लगभग 15 करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि शहर में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।

 

मेयर संजीव सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वर्तमान में अलग-अलग वार्डों में सफाईकर्मियों की संख्या असमान है—कहीं 6 तो कहीं 10 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। ऐसे में इस असंतुलन को दूर कर हर वार्ड में पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

 

इसके अलावा, गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों में चापानल (हैंडपंप) लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है। मेयर ने कहा कि जिन वार्डों में पानी की समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर जलापूर्ति की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

 

बैठक में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए एक और अहम फैसला लिया गया। हर पांच वार्ड के लिए एक जोनल अध्यक्ष चुना गया है, जिनके बैठने और कार्य संचालन के लिए किसी एक सरकारी भवन को चिन्हित कर कार्यालय की व्यवस्था की जाएगी। इससे क्षेत्रीय स्तर पर कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी।

 

मेयर ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास की गति को तेज करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वार्ड पार्षदों को सरकार और जनता के बीच सेतु बताते हुए उन्होंने कहा कि पार्षद अपने क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं, इसलिए उनकी सुझावों के आधार पर ही विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *