धनबाद में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुवार को अष्टमी तिथि के दिन प्रसिद्ध शक्ति मंदिर में मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ मां महागौरी की आराधना कर अपने और अपने परिवार के सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और पूरे परिसर में भक्ति का माहौल देखने को मिला। मंत्रोच्चार और घंटियों की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां के दर्शन कर रहे थे और प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे थे।
मंदिर कमेटी की ओर से इस विशेष अवसर पर कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान छोटी-छोटी कुमारी कन्याओं को आमंत्रित कर उनका विधिवत पूजन किया गया। उनके चरण धोकर उन्हें माता का स्वरूप मानकर आदर-सत्कार किया गया और प्रसाद स्वरूप भोजन भी कराया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर साल नवरात्रि में इसे पूरे श्रद्धा भाव के साथ निभाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कुमारी कन्याओं में मां दुर्गा का वास होता है और उनके पूजन से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर कमेटी और श्रद्धालुओं ने देश और दुनिया में शांति और सद्भाव की कामना भी की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जिस तरह से विश्व के कई हिस्सों में अशांति और संघर्ष का माहौल है, ऐसे में मां दुर्गा से प्रार्थना है कि वे सभी को सद्बुद्धि दें और समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता बनी रहे।
मंदिर में प्रतिदिन संध्या आरती का आयोजन भी किया जा रहा है। कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आरती में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करें। पूरे नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आ रहा है।
