झारखंड के मेहरमा प्रखंड सह अंचल परिसर में विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। रविवार को झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ योजनाओं की आधारशिला रखी। सबसे पहले लगभग 1 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पार्क और पीसीसी सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इस योजना के पूरा होने के बाद प्रखंड परिसर का स्वरूप बदलेगा और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके बाद मंत्री ने करीब 1 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाली चहारदीवारी निर्माण योजना का शिलान्यास किया। चहारदीवारी बनने से प्रखंड सह अंचल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और सरकारी कार्यालय अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पंचायत और प्रखंड स्तर पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आम लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया और लोगों ने विकास कार्यों की सराहना की।
रिपोर्ट: आनंद कुमार मिश्रा
