नवगछिया. गोपालपुर अंचल में आपत्ति के बावजूद जमीन का दाखिल-खारिज करने के आरोप में सीओ सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिघिंया मकंदपुर निवासी स्व. राकेश कुमार की पत्नी कुमारी ममता ने नवगछिया व्यवहार न्यायालय के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में परिवाद दायर कर न्याय की गुहार लगाई है।


परिवाद में गोपालपुर के सीओ रौशन कुमार, सैदपुर निवासी रिंकी देवी, गोपालपुर के विकास कुमार भारती, सैदपुर के शुभम कुमार, राजस्व कर्मचारी बबलू कुमार तथा सिंधिया मकंदपुर के विनीत कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है। कुमारी ममता ने आरोप लगाया है कि धरहरा मौजा स्थित उनकी पुश्तैनी जमीन, खाता संख्या 1210, खेसरा संख्या 529, 539 एवं 526, कुल रकबा चार एकड़ 29 डिसमिल, अब तक आपसी बंटवारे से वंचित है।


जमीन के खतियान में रामतीर्थ चौधरी एवं नारायण चौधरी का नाम दर्ज बताया गया है। परिवाद के अनुसार, कुमारी ममता की ननद रिंकी कुमारी ने बिना विधिवत बंटवारे और पारिवारिक सहमति के खेसरा संख्या 529 एवं 526 की जमीन का कुछ हिस्सा विकास कुमार भारती और शुभम कुमार के नाम बेच दिया। इस संबंध में कुमारी ममता ने दाखिल-खारिज प्रक्रिया के दौरान लिखित आपत्ति दर्ज कराई थी।
आरोप है कि आपत्ति लंबित रहने के बावजूद सीओ ने नियमों की अनदेखी करते हुए एकतरफा आदेश पारित कर दाखिल-खारिज कर दिया। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने पहले गोपालपुर थाना और बिहपुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


अंततः न्याय की आस में कुमारी ममता ने नवगछिया न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। न्यायालय में दायर परिवाद के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों की नजर अब न्यायालय की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *