गोपालपुर प्रखंड की प्रमुख रागिनी देवी के खिलाफ पंचायत समिति के पांच सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है। इस घटनाक्रम से प्रखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।


अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पंचायत समिति सदस्य धनंजय सिंह ने बताया कि विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि गोपालपुर डिमहा, सुकटिया बाजार, मकनदपुर और गोसांई गांव पंचायत सहित अन्य पंचायतों के पंचायत समिति सदस्यों ने मिलकर आवेदन पर हस्ताक्षर किए हैं। सभी सदस्यों की मांग है कि प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर स्थिति स्पष्ट की जाए।


वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए पांच पंचायत समिति सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरित आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार इस पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए तिथि निर्धारित की जाएगी। फिलहाल तिथि तय नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।


इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। अब सभी की नजरें आगामी तिथि पर टिकी हैं, जब अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा और यह स्पष्ट हो पाएगा कि प्रमुख रागिनी देवी को बहुमत का समर्थन प्राप्त है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *