धनबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां झरिया क्षेत्र में अचानक जमीन में आई दरारों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग अपने ही घरों को छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं।

धनबाद के झरिया स्थित चौथाई कुल्ही इलाके के धर्मनगर में शुक्रवार को अचानक जमीन में लंबी-लंबी दरारें दिखाई देने लगीं। यह दरारें धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग के पास स्थित रिहायशी इलाके में पड़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि एक दर्जन से अधिक घरों की दीवारों और फर्श में दरारें साफ तौर पर देखी जा सकती हैं।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, शुरुआत में दरारें छोटी थीं, लेकिन धीरे-धीरे ये चौड़ी होती जा रही हैं। लोगों का कहना है कि हर घंटे स्थिति और गंभीर होती दिख रही है, जिससे किसी बड़े भूधंसान का खतरा महसूस किया जा रहा है। हालांकि अब तक जमीन धंसी नहीं है, लेकिन हालात को देखते हुए लोग काफी सहमे हुए हैं।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई परिवारों ने अपने घर खाली करना शुरू कर दिया है। लोग जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। रात के समय घर में रहने से भी लोग डर रहे हैं।

 

ग्रामीणों का कहना है कि यह इलाका पहले खनन क्षेत्र रहा है और करीब 50 वर्षों से यहां लोग रह रहे हैं। ऐसे में जमीन के अंदर खाली जगह होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी वजह से यह दरारें उभर रही हैं।

 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल को इस मामले की जानकारी दी है, लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

 

ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द वैज्ञानिक जांच कराई जाए और प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। फिलहाल पूरा इलाका भय और अनिश्चितता के माहौल में जी रहा है।

 

संवाददाता: नितीश कुमार, धनबाद

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *