नवादा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी फर्जी लोन के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
नवादा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जानकारी मुख्यालय डीएसपी निशु मनीष ने एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम झौर स्थित एक मुर्गा फार्म के पास कुछ लोग इकट्ठा होकर साइबर ठगी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान ग्राम झौर से 5 और ग्राम गोड़ापर से 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक विधि विरुद्ध किशोर भी शामिल है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 14 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 9 पन्नों की कस्टमर डेटा शीट बरामद की गई। सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत अन्य कंपनियों के नाम पर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देते थे। ये लोग फेसबुक और अन्य माध्यमों से मोबाइल नंबर जुटाकर कॉल करते थे और खुद को बैंक मैनेजर या कर्मचारी बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे।
इसके बाद ये आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक जैसी जरूरी जानकारी मांगते थे और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे ठग लेते थे।
डीएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
