भागलपुर के नाथनगर क्षेत्र स्थित इंटर स्तरीय बालिका उच्च विद्यालय परिसर में साइबर अपराध को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसएस बालिका उच्च विद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बिहार होमगार्ड के प्रशिक्षु सिपाहियों एवं स्थानीय ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क और जागरूक बनाना था।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सईद राजा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और ऑनलाइन बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के कारण आम लोग ठगी और धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और जागरूकता से इन अपराधों से बचा जा सकता है।

 

एसपी ने बताया कि कई मामलों में लोग लालच या डर के कारण ठगों के झांसे में आ जाते हैं। साइबर अपराधी अक्सर खुद को बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी या किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर लोगों को भ्रमित करते हैं और उनसे ओटीपी, बैंक डिटेल या निजी जानकारी हासिल कर लेते हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल या मैसेज मिलने पर घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें।

 

प्रशिक्षु सिपाहियों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि वे समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता की कमी है, जिसे दूर करना बेहद जरूरी है।

 

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने भी साइबर ठगी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आम जनता की सुरक्षा के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *