कानपुर के बर्रा इलाके स्थित पूर्ण चन्द्र विद्या निकेतन स्कूल में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। परीक्षा केंद्र पर अपनी भाभी की जगह ननद परीक्षा देने पहुंच गई, लेकिन बायोमेट्रिक जांच में उसकी सच्चाई उजागर हो गई।
पकड़ी गई युवती की पहचान कन्नौज के घनापुरवा लाख निवासी संध्या के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, संध्या ने सुबह की पाली में चकेरी स्थित एक केंद्र पर अपना CTET पेपर दिया था। इसके बाद वह दूसरी पाली में बर्रा के पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन स्कूल पहुंची, जहां उसे अपनी भाभी शिवानी देवी की जगह परीक्षा देनी थी।
हालांकि, परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान फिंगरप्रिंट का मिलान प्रवेश पत्र में दर्ज विवरण से नहीं हुआ। मिलान में गड़बड़ी सामने आते ही केंद्र प्रशासन सतर्क हो गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की तहरीर के आधार पर आरोपी ननद और उसकी भाभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में किसी गिरोह या अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
वहीं, कानपुर में CTET के पहले दिन 46 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। कुल 37,876 अभ्यर्थियों को दोनों पालियों में शामिल होना था, जिनमें से 37,434 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 442 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जिससे उपस्थिति 98 प्रतिशत से अधिक रही।
सुबह की पाली में पेपर-2 (उच्च प्राथमिक) और दूसरी पाली में पेपर-1 (प्राथमिक) की परीक्षा हुई। अभ्यर्थियों के अनुसार गणित के प्रश्न लंबे और जटिल थे, जबकि भाषा के प्रश्न भी चुनौतीपूर्ण रहे।
इस घटना ने परीक्षा व्यवस्था में सख्ती और पारदर्शिता की अहमियत को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
