झारखंड के पलामू जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार में दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया, जहां प्रज्ञा केंद्र संचालिका और उनके पति को निशाना बनाया गया। विरोध करने पर महिला को गोली मार दी गई, जबकि पति के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रज्ञा केंद्र संचालिका शमा प्रवीण अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा करना शुरू किया। कुछ दूरी पर ओवरटेक कर दोनों को जबरन रोक लिया गया।

 

इसके बाद हथियार के बल पर अपराधियों ने करीब 3 लाख रुपये नकद और एक लैपटॉप लूट लिया। वारदात के दौरान अपराधियों ने 6 से 7 राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

 

जब दंपति ने लूट का विरोध किया, तो अपराधियों ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। महिला शमा प्रवीण के पैर में गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं उनके पति को बंदूक के बट से पीटकर घायल कर दिया गया।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमएमसीएच रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला को एक गोली लगी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों अपराधी बाइक पर सवार थे, जिनमें एक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था।

 

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, सदर एसडीपीओ राजीव रंजन भी एमएमसीएच पहुंचकर घायल दंपति से मुलाकात की और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

 

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू / झारखंड

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *