भागलपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 13 स्थित परबत्ती के रंजीत गोप लेन में बन रहे प्याऊ (सार्वजनिक पेयजल स्थल) के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्माण कार्य पर सवाल उठाते हुए निगम प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वार्ड संख्या 13 के पार्षद ने आरोप लगाया है कि बिना उनकी सहमति और जानकारी के प्याऊ का निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि इस कार्य के लिए वैध वर्क ऑर्डर जारी किया गया है, तो उसे सार्वजनिक किया जाए। अन्यथा निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए। पार्षद ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि को विश्वास में लिए बिना किसी भी सार्वजनिक निर्माण की शुरुआत करना नियमों के विरुद्ध है।
पार्षद ने मेयर पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड में जानबूझकर गतिरोध उत्पन्न कर सामाजिक तनाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगाई गई तो वे नगर निगम परिसर में भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
वहीं स्थानीय निवासी बबलू यादव ने निगम प्रशासन को लिखित पत्र देकर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर प्याऊ का निर्माण किया जा रहा है, वह उनके कुलदेवी पूजा घर के सामने और उनकी निजी जमीन पर स्थित है। उनका कहना है कि वहां निर्माण होने से आने-जाने में भारी परेशानी होगी और धार्मिक भावनाएं भी आहत हो सकती हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य धनंजय यादव द्वारा कराया जा रहा है, जो इस कार्य के लिए अधिकृत नहीं हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल निर्माण कार्य की वैधता की जांच करे और यदि अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
