मुंगेर का ये मामला बेहद चौंकाने वाला है। यदि पुलिस सक्रिय नहीं होती तो सुपारी किलर्स बीजेपी नेता का काम तमाम कर ही देते। बीजेपी नेता की सांसों की कीमत तीन लाख रुपये लगाई गई थी। इंतजाम पूरा था लेकिन पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में शूटर्स को धर दबोचा।
(मुंगेर) : भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह उर्फ किस्टू सिंह को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी किलर को तीन लाख रुपये में तैयार किया गया था। सभी प्लानिंग हो गई थी। किसे क्या करना है, वह खाका तैयार हो गया था, लेकिन पुलिस की सक्रियता से शूटरों के मंसूबे पर पानी फिर गया। लागर सेल और सफियासराय पुलिस की सक्रियता से भाजपा नेता की जान बच गई। पुलिस कप्तान जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के निर्देशन में लागर सेल और सफियासराय पूरी तरह एक्टिव रही।
इसका ही परिणाम है कि घटना को अंजाम देने वाले शूटर और मास्टर माइंड को भी समय रहते पुलिस ने दबोच लिया और एक बड़ी घटना को टाल दिया। सफियासराय ओपी प्रभारी नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि गौरीपुर निवासी मुस्कान लाइन होटल के संचालक सह भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष किस्टू सिंह को प्लांटिग विवाद में नयागांव निवासी साजिशकर्ता वशिष्ठ कुमार ने रामपुर कालोनी जमालपुर के बदमाश मिथुन कुमार व मोहनपुर खलासी मोहल्ला के विक्की कुमार को हत्या किए जाने की सुपारी दी थी। तीन लाख में हत्या किए जाने का डील हुआ था। पुलिस को जैसे ही इस बात की भनक लगी तो पहले भाजपा नेता को पहले सतर्क किया गया। शूटर के पास से बरामद हथियार व मोबाइल के आडियो रिकार्डिंग से साफ था कि शनिवार की रात भाजपा नेता को मारने की पूरी प्लानिंग थी।
* फिल्मी अंदाज में पुलिस ने हथियार के साथ दोनों शूटरों और साजिशकर्ता को दबोचा
* _ भाजपा नेता को मारने को लेकर एक सप्ताह से होटल व घर की हो रही थी रेकी
* _ 02 कट्टा और चार कारतूस बरामद
* _ 03 मोबाइल और एक बाइक जब्त
*_ 02 शूटर जमालपुर के रहने वाले हैं
*_ प्रखंड अध्यक्ष ने कहा-राजनीतिक में बढ़ता कद वजह
भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष किस्टू सिंह ने बताया साजिश के तहत वशिष्ठ कुमार ने एक झूठा मुकदमा 16 अप्रैल 2022 को सफियासराय ओपी में अपने रिश्तेदार विक्की कुमार से कराया था। अनुसंधान व जांच चल चल रही है। इन्होंने बताया कि वशिष्ठ कुमार राजनीतिक में बढ़ते कद से परेशान था। प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि वशिष्ठ के अलावा इसके पीछे कोई बड़ा चेहरा है, पुलिस जांच कर रही है।
साजिश के तहत पति को फंसाया गया
मामले में गिरफ्तार भाजपा पिछड़ा मोर्चा के नगर अध्यक्ष वशिष्ठ कुमार की पत्नी अनीता देवी ने कहा कि पति को जान बूझकर फंसाया जा गया है। उन पर पहले से एक भी मामला नहीं है। पुलिस ने धोखे से बुलाकर पति को गिरफ्तार किया है। कानून पर भरोसा है निश्चित रूप से न्याय मिलेगा।
पांच लाख की रंगदारी का किया था मुकदमा
16 अप्रैल 2022 को भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष पर वशिष्ठ कुमार के रिश्तेदार विक्की कुमार ने पांच लाख रुपये रंगदारी मांगे जाने का केस सफियासराय ओपी में किया था। यहां से ही भाजपा नेता व वशिष्ठ कुमार के बीच विवाद शुरू हुआ था। हालांकि, इस मामले में दर्ज मुख्य आरोपित अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जांच के बाद किस्टू सिंह को केस राहत मिली थी।
पहले भी हुआ है जानलेवा हमला
भाजपा नेता किस्टू सिंह पर पहले भी बदमाशों ने जान से मारने को लेकर होटल पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। उस वक्त भी पुलिस की सक्रियता के कारण भाजपा नेता की जान बची थी। हालांकि, मामले को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की थी।
पुलिस अधीक्षक ने तत्काल उठाए कदम
पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लाइन होटल संचालक सह राजनीतिक दल के नेता की हत्या की साजिश कुछ लोगों ने रची है। इसके लिए शूटर को हायर किया गया है। नेता की हत्या करने के लिए रेकी कर रहा है़। इस सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शूटरों को गिरफ्तार किया़।दोनों शूटर जमालपुर का रहने वाला है। पूछताछ में शूटरों ने बताया कि जमालपुर निवासी वशिष्ठ कुमार ने हत्या करने के लिए सुपारी दी है। पुलिस ने साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार किया। पुलिस इसमें शामिल अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है़।
वशिष्ठ के काल रिकार्ड से खुलेंगे कई राज
जमालपुर में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के नगर अध्यक्ष वशिष्ठ कुमार का कुछ वर्दी वालों से अच्छा संबंध भी रहा है। जिले के एक थाना में उसकी अच्छी पकड़ भी थी। वशिष्ठ का पिछले कुछ माह का सीडीआर (काल डिटेल रिकार्ड) को खंगाला गया तो कई राज का पर्दाफाश हो सकता है। मोबाइल का सीडीआर निकालने के बाद कई पर दर परत कड़ियां भी जुटेंगी। बहरहाल, यह पुलिसिया जांच का विषय है। वशिष्ठ के बारे में चर्चा तो यह भी है कि जब उसके चहेते पदाधिकारी कुछ माह पहले जमालपुर क्षेत्र में प्रभारी थे तो इलाके में वशिष्ठ का सिक्का भी खूब चलता था। किसी आरोपित के घर छापेमारी से लेकर गिरफ्तारी में भी साथ जाता रहा है। रात्रि गश्त में भी वह वाहनों की जांच में रहता था।
सादे लिबास में पुलिस ने की शूटरों की रेकी
पुलिस का कहना है कि इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लगातार चाय-सिगरेट दुकान पर बैठे हैं। अपराधियों की रेकी के करीब दो दिन भाजपा नेता ने भी फोन कर इसके बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम का गठन किया गया। कुछ पुलिसकर्मियों को सादे लिबास में चाय दुकान के पास तैनात किया गया। शनिवार को दोनों शूटर को गिरफ्तार किया गया।
