भागलपुर में रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्टेशन चौक के समीप आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री व पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।

 

इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंजीनियर परवेज जमाल ने किया। बड़ी संख्या में शामिल कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला गया।

 

इस मौके पर परवेज जमाल ने कहा कि रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए गैस सिलेंडर खरीदना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।

 

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रसोई गैस जैसी जरूरी वस्तु अब आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से घर का बजट बिगड़ गया है और लोगों को रोजमर्रा के खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है।

 

इसके साथ ही गैस की आपूर्ति में हो रही अनियमितता को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि कई जगहों पर समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की गई और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता के हित में पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।

 

प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह गरम रहा और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *