गोपालपुर। गोपालपुर प्रखंड के सैदपुर गांव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह, जोश और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश कमिटी के सह-अध्यक्ष शंकर सिंह अशोक ने किया। आयोजन की शुरुआत कांग्रेस पार्टी के झंडे के ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद पार्टी के संस्थापकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए शंकर सिंह अशोक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि देश की आज़ादी, संविधान और लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज़ादी की लड़ाई से लेकर संविधान निर्माण तक ऐतिहासिक भूमिका निभाई है और देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार दिया है। उन्होंने कहा कि 140 वर्षों की यह विरासत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक सहेज कर ले जाना है।
उन्होंने वर्तमान राजनीतिक हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि आज देश में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और कमजोर वर्गों के अधिकारों पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं की आवाज बनकर मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और जनता की समस्याओं को गांव-गांव तक जाकर समझें।
अन्य वक्ताओं ने भी अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की विचारधारा आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गई है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने में कांग्रेस की भूमिका ऐतिहासिक रही है और आगे भी रहेगी। कार्यक्रम में तारणि शर्मा, विनय कुंवर, राजेश मंडल, अशोक पासमान, श्यामल ठाकुर, राजकिशोर सिंह, संजय राय, सदानंद सिंह सहित कई वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनता के हित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
