गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरा गांव में शनिवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब जीविका दीदी सुशीला देवी के घर में जहरीला इंडियन कोबरा सांप निकल आया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोग डर और दहशत के माहौल में एकत्रित हो गए। सुशीला देवी के परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद नवगछिया वन प्रक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची।
वनरक्षी अमन कुमार और श्रवण मंडल की टीम ने मौके पर पहुंचते ही स्थिति का जायजा लिया। घर में काफी खोजबीन और सतर्कता के बाद इंडियन कोबरा को ढूंढ निकाला गया। कोबरा घर के एक कोने में पंखे के नीचे अलमारी के पास छिपा हुआ था। टीम ने पूरे सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ा गया।

वन विभाग की टीम ने बताया कि यह सांप इंडियन कोबरा प्रजाति का था, जो बेहद जहरीला होता है और यदि समय रहते इससे निपटा न जाता, तो यह जानलेवा साबित हो सकता था। हालांकि, सौभाग्य से कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
वनरक्षी अमन कुमार ने बताया कि इन दिनों बारिश और उमस के कारण सांप अक्सर घरो में घुस जाते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। यदि कभी भी घर में या आस-पास सांप दिखाई दे, तो स्वयं से उसे पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग को सूचित करें ताकि प्रशिक्षित कर्मी उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सकें।
ग्रामीणों ने भी वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि समय पर रेस्क्यू टीम के आने से एक बड़ी दुर्घटना से बचा जा सका। जीविका दीदी सुशीला देवी ने बताया कि सुबह के समय रसोई में कुछ हलचल महसूस हुई थी। जब ध्यान दिया गया तो देखा कि एक बड़ा सांप फन फैलाए बैठा था, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया और आसपास के लोग इकट्ठा हुए।
रेस्क्यू किए गए सांप को बाद में वन क्षेत्र में ले जाकर सुरक्षित रूप से प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने इस मौके पर ग्रामीणों को सांप से बचाव और प्राथमिक सावधानियों की जानकारी भी दी। विभाग ने यह भी अपील की कि किसी प्रकार की घटना में डरने की बजाय सही सूचना समय पर देने से जीवन की रक्षा संभव हो सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि जागरूकता और विभागीय तत्परता के साथ हम किसी भी संकट को टाल सकते हैं।
अपना बिहार झारखंड पर और भी खबरें देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें