मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सासाराम और बिहारशरीफ में रामनवमी के दौरान हुई घटना में जो नुकसान पहुंचाया गया है, उसके लिए भी कुछ किया जायेगा। दोनों जगह जो नुकसान कर दिया है,
उन सब चीजों को भी देखा जा रहा है। लोगों के हित में जो कुछ करना है वह सब किया जायेगा। ये सब बात हो रही है। मुख्यमंत्री शनिवार शाम हज भवन में जदयू के दावत-ए-इफ्तार में शामिल होने के बाद पत्रकारों से रू-ब-रू थे।
नवादा और सासाराम हिंसा मामले में आरोपियों के घर की हो रही कुर्की जब्ती के सवाल पर सीएम ने कहा कि दोनों जगहों पर प्रशासन के लोग लगे हुए हैं। वे लोग अपना काम कर रहे हैं। नीतीश कुमार जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस दावत-ए-इफ्तार में शामिल होने के लिए करीब पौने छह बजे हज भवन पहुंचे।
गुलदस्ता, टोपी एवं साफा भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, मंत्री विजय कुमार चौधरी, संजय कुमार झा व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी आदि मौजूद थे।