पटना। भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग सीएम नीतीश कुमार से की है। सवाल किया है कि भ्रष्टाचार का आरोपित व्यक्ति क्या राज्य के उपमुख्यमंत्री पद पर बना रह सकता है।
रविवार को प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा सांसद ने कहा कि तेजस्वी यादव 750 करोड़ के आईआरसीटीसी घोटाले में चार्जशीटेड हैं और जमानत पर हैं। इस मामले का ट्रायल जल्द प्रारंभ होने वाला है।
नौकरी के बदले जमीन मामले में सीबीआई ने 25 मार्च को पूछताछ के लिए तेजस्वी को बुलाया है। आरोप लगाया कि 29 साल की उम्र में तेजस्वी यादव एबी एक्सपोर्ट, एके इंफोसिस्टम जैसी कंपनियों तथा अन्य माध्यम से 52 से ज्यादा अवैध संपत्ति के मालिक बन बैठे हैं।
यह भी आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव ने न तो कभी नौकरी की, न ही कभी व्यापार किया। कोई पुश्तैनी संपत्ति भी नहीं थी। इसके बावजूद नई दिल्ली के सबसे महंगे इलाके न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, डी-1088 के 500 वर्गमीटर जमीन पर बने 4 मंजिला मकान के मालिक हैं।
दावा किया कि इसका वर्तमान मूल्य 150 करोड़ रुपए से अधिक है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर इस आलीशान मकान के मालिक तेजस्वी यादव कैसे बन गए। जबकि उन्होंने मात्र चार लाख ही खर्च किया। मौके पर राकेश कुमार सिंह, राजेश कुमार झा व अशोक भट्ट मौजूद थे।