भागलपुर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल लाजपत पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार सुबह नगर विधायक रोहित पांडे ने पार्क का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और यहां लगाए गए विभिन्न उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ शहर के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद विधायक रोहित पांडे ने कहा कि लाजपत पार्क शहर की सुंदरता और पहचान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में इस पार्क को सुसज्जित और व्यवस्थित रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर दिन सुबह और शाम हजारों की संख्या में लोग यहां टहलने, व्यायाम करने और शुद्ध हवा लेने के लिए आते हैं, इसलिए पार्क की देखभाल और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
विधायक ने पार्क में लगे झूले, जिम उपकरण और अन्य सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पार्क में जो भी उपकरण लगाए गए हैं, उनकी सुरक्षा और नियमित मेंटेनेंस बेहद जरूरी है, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित विभाग को इस मामले में संज्ञान लेने और जल्द आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
रोहित पांडे ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में लाजपत पार्क को और अधिक व्यवस्थित, साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्क की सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं को लेकर विभागीय स्तर पर जल्द बैठक कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शहरवासियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान शहर के कई शिक्षाविद, समाजसेवी, चिकित्सक और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। इस अवसर पर कुछ लोगों ने विधायक रोहित पांडे का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से लाजपत पार्क की स्थिति में जल्द सुधार होगा। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई कि पार्क में सुरक्षा और सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की जाएगी, जिससे यह स्थान एक बार फिर शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।
