बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। सिमपुर और शेख टोला मोहल्ले के युवाओं के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते पथराव में बदल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बाजार से लौट रहे कुछ युवकों ने पुल के पास खड़े दूसरे युवकों की ओर सिगरेट का धुआं फेंक दिया। इस पर आपत्ति जताने से दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि मामला मारपीट तक पहुंच गया और फिर दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए पथराव से आसपास के लोग दहशत में आ गए और बाजार की दुकानें बंद होने लगीं। कई लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया गया। एहतियातन चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस कैम्प स्थापित कर दिया गया है और अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी निखिल धनराज और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि छोटे विवाद ने पथराव का रूप ले लिया था, लेकिन पुलिस ने तुरंत प्रिवेंटिव एक्शन लेकर हालात सामान्य कर दिए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में क्यूआरटी टीम की तैनाती की गई है।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि उकसावे वाली अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
