मोतिहारी के पिपरा स्थित महावीर उच्च विद्यालय पिपरा में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक शिक्षक देर से पहुंचने के बावजूद परीक्षा केंद्र के अंदर जाने का प्रयास करने लगे। यह मामला पिपरा आदर्श परीक्षा केंद्र का है, जहां मैट्रिक परीक्षा चल रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के बाद संबंधित शिक्षक केंद्र पर पहुंचे और अंदर प्रवेश करने की कोशिश करने लगे। इस दौरान बाहर मौजूद अभिभावकों ने इसका विरोध किया। अभिभावकों का कहना था कि जब छात्रों को निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाता, तो फिर शिक्षक को देर से आने पर अंदर जाने की अनुमति कैसे दी जा सकती है।
स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब परीक्षा केंद्र के बाहर तैनात मजिस्ट्रेट शिक्षक को अंदर प्रवेश दिलाने का प्रयास करते दिखे। यह देख अभिभावकों का आक्रोश और बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया और निष्पक्षता पर सवाल उठाने लगे।
अभिभावकों के बढ़ते विरोध और माहौल गरमाता देख शिक्षक वहां से रफूचक्कर हो गए। घटना के दौरान कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से जारी रही।
इस घटना ने परीक्षा केंद्रों पर नियमों के समान अनुपालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि परीक्षा जैसे संवेदनशील माहौल में नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
