मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के कारण तेल आपूर्ति पर मंडराते खतरे के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब उपभोक्ताओं को नया सिलेंडर बुक करने के लिए पिछले रिफिल के बाद कम से कम 25 दिनों का इंतजार करना होगा। पहले यह अवधि 21 दिन थी। सरकार का कहना है कि यह कदम पैनिक बाइंग और अनावश्यक स्टॉकिंग को रोकने के लिए उठाया गया है।

 

पेट्रोलियम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मिडिल ईस्ट में युद्ध की खबरों के बाद देश में घरेलू एलपीजी की मांग में अचानक 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई उपभोक्ता भविष्य में आपूर्ति बाधित होने की आशंका से पहले ही सिलेंडर बुक कराने लगे थे। इसी को देखते हुए बुकिंग की न्यूनतम अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है, ताकि एलपीजी की आपूर्ति और भंडारण का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।

 

अधिकारियों का कहना है कि देश में फिलहाल एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और स्टॉक भी मजबूत स्थिति में है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, औसतन एक घरेलू परिवार साल में 7 से 8 सिलेंडर (14.2 किलो) का इस्तेमाल करता है और सामान्य परिस्थितियों में एक सिलेंडर लगभग छह हफ्तों तक चल जाता है। ऐसे में 21 दिन की जगह 25 दिन की प्रतीक्षा अवधि लागू करना जरूरी हो गया था।

 

यह नया नियम तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां—इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—इसे लागू कर रही हैं।

 

वहीं सरकार ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाने का भी फैसला किया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच चुकी है। सरकार के अनुसार, देश में क्रूड ऑयल और पेट्रोलियम उत्पादों का कुल भंडारण करीब 74 दिनों की जरूरत पूरी करने में सक्षम है, जिससे किसी भी संभावित आपूर्ति संकट से निपटने में मदद मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *